विदेश

समुद्र में जलता जहाज: आग की लपटों में घिरे 280 यात्री, वायरल हुआ डरावना मंजर

जकार्ता: इंडोनेशिया के तट पर एक भीषण समुद्री हादसे में KM Barcelona VA नामक पैसेंजर जहाज में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई और कम से कम 18 यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के समय जहाज में 280 लोग सवार थे। आग लगने के बाद कई यात्रियों ने समुद्र में छलांग लगाकर जान बचाई

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

घटना का भयावह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जहाज को पूरी तरह आग की लपटों में घिरा देखा जा सकता है और काले धुएं का गुबार आसमान में उठता हुआ नजर आ रहा है। यात्री डर के मारे बच्चों समेत लाइफ जैकेट पहनकर पानी में कूदते दिखे।

कब और कहां हुआ हादसा

यह घटना रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे तालिस द्वीप के पास हुई। KM Barcelona VA जहाज जब समंदर में था तभी अचानक आग लग गई। अधिकारियों के अनुसार, आग तेजी से फैलती चली गई और पूरा जहाज नीले-सफेद से जलकर काले मलबे में तब्दील हो गया।

बचाव अभियान

तीन अन्य बड़े जहाज — KM Barcelona III, KM Venecian, और KM Cantika Lestari 9F को तुरंत मौके पर भेजा गया। डेक पर मौजूद कर्मचारियों ने यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाने में मदद की और उन्हें सुरक्षित पानी में उतरने के निर्देश दिए।

लापता लोगों की तलाश जारी

नॉर्थ सुलावेसी डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के सचिव जेरी हार्मनसिना के मुताबिक, हादसे में कई लोग अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से जारी है और तट रक्षक दल समुद्र में बचे लोगों की तलाश में जुटा है।

जांच के आदेश

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट इसके पीछे हो सकता है, लेकिन अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

Back to top button