किश्तवाड़ के जंगलों में आतंकी मुठभेड़: जैश आतंकियों की घेराबंदी, ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर, किश्तवाड़: दच्छन क्षेत्र के घने जंगलों में रविवार को आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े कुछ आतंकियों के इलाके में छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सेना और पुलिस ने मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
खुफिया इनपुट पर कार्रवाई
PTI के मुताबिक, पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर दच्छन और नगसेनी के बीच स्थित खानकू जंगल में घेराबंदी की। इसी दौरान छिपे आतंकियों ने जवानों को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और गोलीबारी की।
स्थिति नियंत्रण में, कोई हताहत नहीं
फिलहाल मुठभेड़ कुछ समय तक चली, लेकिन अब तक किसी भी हताहत या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और कहा जा रहा है कि आतंकियों को चारों ओर से घेर लिया गया है।
ऑपरेशन में तेजी, अतिरिक्त बल रवाना
इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर भेजा गया है। तलाशी अभियान अब भी जारी है और सुरक्षाबल जंगल में छिपे आतंकियों की घेरेबंदी कर उन्हें या तो पकड़ने या निष्क्रिय करने की कोशिश में जुटे हैं।
बढ़ती आतंकी गतिविधियों पर सख्ती
गौरतलब है कि हाल के दिनों में किश्तवाड़, राजौरी और पुंछ जैसे इलाकों में आतंकी गतिविधियों में इजाफा हुआ है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों ने इन इलाकों में कड़ी निगरानी और सक्रिय गश्त शुरू कर दी है।



