केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने रायपुर में भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए, सीएम साय से की मुलाकात

रायपुर। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान आज राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचीं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर प्रांगण में विधिवत पूजा के दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों के सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “भगवान जगन्नाथ की कृपा से छत्तीसगढ़ सहित पूरे भारत में शांति, समृद्धि और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।” छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट
केंद्रीय मंत्री ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में सीएम विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। सीएम साय ने छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण, बच्चों के पोषण और शिक्षा से संबंधित चल रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने आशा जताई कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इन क्षेत्रों में और प्रभावी कार्य करेंगे।



