वित्तीय अनियमितता का मामला : 4 अधिकारी निलंबित, पीएफएमएस खाते में गड़बड़ी का आरोप

दुर्ग। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने वित्तीय अनियमितताओं के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। मामला दुर्ग के तकियापारा संकुल केंद्र का है। मामले में विभाग ने चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबित अधिकारियों में तत्कालीन संकुल प्रभारी और वर्तमान प्राचार्य वंदना पाण्डेय, वर्तमान प्राचार्य आशा टेकाम, तत्कालीन संकुल समन्वयक नौशाद खान और निजामुद्दीन शामिल हैं। इन पर 2020-21 से 2023-24 के बीच संकुल केंद्र के पीएफएमएस खाते के संचालन में गड़बड़ी का आरोप है।
इससे पहले जारी हुआ था कारण बताओ नोटिस
शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को 7 फरवरी 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जिसमें अधिकारियों का जवाब असंतोषजनक प्राप्त हुआ था। इस वजह से विभाग ने इन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम का उल्लंघन माना है। निलंबन अवधि में सभी अधिकारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
इनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, दुर्ग निर्धारित किया गया है। शासन का मानना है कि इन अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में पदीय दायित्वों का निर्वहन करने में स्वेच्छाचारिता दिखाई और वित्तीय मामलों में लापरवाही बरती।



