हमर छत्तीसगढ़
रायपुर: सिलतरा में निर्माणाधीन प्लांट में सिल्ली गिरने से 6 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू जारी

रायपुर। शुक्रवार को सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में एक निर्माणाधीन प्लांट में सिल्ली गिरने से बड़ा हादसा हुआ। इस घटना में 6 मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि कई अन्य मलबे में दब गए। हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे का विवरण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा पिलेट्स बनाने वाली यूनिट में हुआ, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। अचानक कंक्रीट संरचना ढह गई, जिसके नीचे दर्जनभर से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई।
हताहत और घायल
अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। आधा दर्जन से अधिक घायल मजदूरों को देवेंद्र नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मलबे में फंसे अन्य मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।



