हमर छत्तीसगढ़

जनपद सीइओ का विवादित बयान, गांधी के खिलाफ की अपमानजनक टिप्पणी

भिलाई। दुर्ग जनपद के सीईओ रूपेश पांडे फिर से विवाद में घिर गए हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया के वॉट्सऐप ग्रुप में एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा की। इस मुद्दे पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और जनपद उपाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि 24 सितंबर की शाम को पांडे ने अपने मोबाइल से “मोहनदास करमचंद गांधी का दोगलापन” शीर्षक वाली पोस्ट शेयर की, जिसमें गांधी जी के बारे में अभद्र शब्दों और वीडियो का उपयोग किया गया। ठाकुर ने इसे गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि इतने बड़े अधिकारी का ऐसा कृत्य गोडसे की विचारधारा को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करेगी।

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कहा कि शिकायत प्राप्त हुई है और इसे सिटी कोतवाली को भेजा गया है। जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Related Articles

Back to top button