खैरागढ़ में शिक्षक दंपति हत्याकांड: पड़ोसी ने 10 हजार के विवाद में की हत्या

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के अतरिया गांव में शिक्षक दंपति की हत्या से सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए पड़ोसी भगवती मरकाम को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने 10,000 रुपये के लेन-देन विवाद में यह जघन्य अपराध किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विवाद से शुरू हुई वारदात
एडिशनल एसपी नितेश गौतम ने बताया कि भगवती मरकाम ने मृतक शिक्षक बाबूलाल सोरी (55) से 10,000 रुपये उधार लिए थे। बार-बार पैसे लौटाने की मांग से नाराज होकर उसने शुक्रवार तड़के 4-5 बजे के बीच हत्या की।
लोहे के हथियार से हमला
आरोपी ने बाबूलाल सोरी और उनकी पत्नी सुनीता सोरी (50) पर लोहे के भारी हथियार से हमला किया। पुलिस जांच में पता चला कि सिर और आंखों पर कई वार किए गए, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। उस समय घर में सिर्फ दंपति ही थे।
ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस ने की कार्रवाई
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भगवती को भागते देखकर पकड़ लिया। गंडई थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना प्रभारी राजेश देवदास की टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
फॉरेंसिक जांच से पुख्ता सबूत
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल से खून के नमूने, हथियार के निशान व अन्य साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में सबूतों के आधार पर भगवती को हिरासत में लिया गया, जहां उसने अपराध स्वीकार किया।



