बिलासपुर में सड़क खुदाई का वीडियो बना रहे युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला, आरोपी फरार

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के यदुनंदन नगर में सोमवार को सोशल मीडिया पर रिपोर्टिंग करने वाले एक युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया गया। युवक सड़क की खुदाई और पाइप बिछाने के काम का वीडियो बना रहा था, तभी एक व्यक्ति ने अचानक उस पर हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, विशेष रूप से उसके पैर में गहरी चोट आई है। फिलहाल उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले की पूरी घटना लाइव वीडियो में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। फुटेज में दिख रहा है कि युवक खुदाई के कार्य का वीडियो बना रहा था, तभी आरोपी फावड़ा लेकर अचानक उस पर वार कर देता है। इस घटना से इलाके में आक्रोश और भय का माहौल है।
पीड़ित युवक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी सुनील वाधवानी ने पहले उसे गाली दी और फिर फावड़े से हमला कर दिया। आरोप यह भी है कि आरोपी की पत्नी ने उसे धमकाया और कहा कि यदि उसने मामला आगे बढ़ाया तो उसे झूठे मामले में फंसा दिया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या के प्रयास) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। सिरगिट्टी थाना प्रभारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।



