यज्ञदत्त शर्मा ने दिया शिक्षा का मजबूत संदेश

परसदा में नव आंगनबाड़ी का उद्घाटन, उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने दिया शिक्षा का मजबूत संदेश
आंगनबाड़ी को बताया बचपन की नींव, भविष्य निर्माण का सशक्त माध्यम
बालोद:- छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने बालोद जिला के ग्राम पंचायत परसदा में लगभग 6 लाख रुपये की लागत से तैयार हुए नवीन आंगनबाड़ी केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे अपने नन्हे बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी से जोड़ें, ताकि उन्हें प्रारंभिक शिक्षा, संस्कार और जीवन की बुनियादी समझ मिल सके, जो आगे की पढ़ाई का मजबूत आधार बने।
स्वस्थ शरीर और सजग मन के लिए आंगनबाड़ी की भूमिका अहम
लोकार्पण पश्चात उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि बाल्यावस्था में मिलने वाला पोषण और शिक्षा ही मजबूत भविष्य की कुंजी है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास का ऐसा मंच है, जहां उनकी शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक क्षमता को भी निखारा जाता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें।
शिक्षा और पोषण का संगम है आंगनबाड़ी – प्रेम साहू
कार्यक्रम में जिला मंत्री प्रेम साहू ने कहा कि आंगनबाड़ी बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रभावी साधन है। यहां नौनिहालों को अक्षर ज्ञान के साथ संतुलित आहार भी मिलता है, जिससे उनका समग्र विकास संभव होता है।
सरकारी योजनाओं का लाभ हर बच्चे तक पहुंचे – अरुण साहू
जुंगेरा भाजपा मंडल अध्यक्ष अरुण साहू ने कहा कि वर्तमान सरकार क्षेत्र के विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधाओं का लाभ अपने बच्चों तक अवश्य पहुंचाएं।
गांव के विकास में आंगनबाड़ी की अनिवार्यता
ग्राम पंचायत परसदा के सरपंच राजू लाल आर्य ने कहा कि बच्चों की शिक्षा यात्रा की शुरुआत आंगनबाड़ी से होती है। ऐसे केंद्र गांव के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, क्योंकि यहीं से शिशुओं के शैक्षणिक और शारीरिक विकास की नींव रखी जाती है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी
इस अवसर पर जनपद पंचायत बालोद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, भाजपा जिला मंत्री प्रेम साहू, मंडल अध्यक्ष अरुण साहू, वरिष्ठ नेता गोपाल वोहरा, विनोद कौशिक, दानेश्वर सिन्हा, रंजन कुलदीप, जनपद सदस्य दमयंती हरदेल, गिरीश निर्मलकर सरपंच दरबारी नवागांव, उप सरपंच केसराम चुरेन्द्र, पूर्व सरपंच दुरपति गंगबेर, उप सरपंच टूमन कौशिक, पंच असीमे साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद रहे।



