एलपीजी गैस वितरण में अनियमितता पर सख्ती, दुर्ग कलेक्टर ने कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए

संपादक :- मीनू साहू
रिपोर्टर:- उत्तम साहू
दुर्ग:- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने खाद्य विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में यह बात सामने आई कि कुछ क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, वितरण समय और मूल्य निर्धारण को लेकर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इस पर कलेक्टर ने सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी की जाए और वितरण प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि गैस एजेंसियों द्वारा निर्धारित दरों का पालन कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग, अवैध भंडारण या ब्लैक मार्केटिंग की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में कृत्रिम कमी पैदा करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए। जरूरत पड़ने पर औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाए और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें गैस वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कालाबाजारी की जानकारी मिलती है, तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन की इस सख्ती का उद्देश्य उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करना है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।



