हमर छत्तीसगढ़

ग्रीष्म में जल संकट पर सख्ती संभाग आयुक्त राठौर का कड़ा संदेश के साथ किया विकास कार्यों की समीक्षा

 

संपादक :- मीनू साहू

रिपोर्टर :- उत्तम साहू 

दुर्ग:– छत्तीसगढ़ के दुर्ग  संभाग में  गर्मी की दस्तक के साथ ही प्रशासन ने पेयजल व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। संभाग आयुक्त  एस.एन. राठौर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में जनता को पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने पीएचई विभाग को चेताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर सतत निगरानी रखें और शिकायतों को तत्काल दूर करें।संभागीय कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए राठौर ने दो टूक कहा कि जहां योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, वहां घर-घर नल से जल पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि जलाशयों में पर्याप्त भंडारण मौजूद है, आवश्यकता पड़ने पर हर जिले को समय पर जल उपलब्ध कराया जाएगा।

निर्माण कार्यों में ढिलाई पर नाराजगी

शासकीय सीसीएम कॉलेज के निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी, विद्युत यांत्रिकी और पीएचई विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि राशि उपलब्ध होने के बावजूद काम लंबित रहना स्वीकार्य नहीं है। सीसीटीवी कैमरा, एसी, लिफ्ट स्थापना तथा छात्रावासों में जल सुविधा जैसे जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही जनपद स्तर पर निर्माण एजेंसियों के कार्यों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि गुणवत्ता और समयसीमा दोनों पर नियंत्रण बना रहे।

 ई-ऑफिस व्यवस्था का विस्तार

डिजिटल प्रशासन को मजबूती देते हुए राठौर ने बताया कि दुर्ग संभाग ई-ऑफिस प्रणाली में प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। अब इस व्यवस्था को तहसील और विकासखंड स्तर तक विस्तार देने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कामकाज में पारदर्शिता और तेजी आएगी।

 बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य

सरकारी कार्यालयों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बायोमैट्रिक अटेंडेंस को अनिवार्य करने पर भी विशेष बल दिया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अधीनस्थ कार्यालयों में भी इस प्रणाली को सख्ती से लागू किया जाए।बैठक में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा के साथ विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का आकलन किया गया। इस दौरान उपायुक्त (राजस्व)  पदुमलाल यादव, उपायुक्त (विकास)  संतोष ठाकुर सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

साफ संदेश लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता की सुविधा सर्वोपरि।

Related Articles

Back to top button