भाजपा संरक्षण में अतिक्रमण और गुंडागर्दी? बंटी एचलाल पर कड़ी कार्रवाई की मांग — शिवशंकर सिंह का तीखा प्रहार

संरक्षक:- मीनू साहू
राजनादगांव:- छत्तीसगढ़ के जिला राजनांदगांव में अतिक्रमण और दबंगई को लेकर सियासत गरमा गई है। फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने भाजपा नेताओं पर संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाते हुए बंटी एचलाल और उसके सहयोगियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामला गांधी नगर, कौरिनभांठा निवासी राधेश्याम गुप्ता से जुड़ा है, जो वर्षों से लालबाग क्षेत्र में छोटे वाहन के माध्यम से अंडा-चिकन का व्यवसाय कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, 15 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे बंटी एचलाल उसके ठेले पर पहुंचा और बिना किसी कारण अश्लील गाली-गलौज करते हुए विवाद किया। इस घटना का वीडियो भी मौजूद बताया गया है।
इसके अगले ही दिन 16 मार्च को स्थिति और गंभीर हो गई, जब बंटी एचलाल अपने पुत्र सुरेश एचलाल और 6-7 अन्य लोगों के साथ पहुंचा। आरोप है कि इन लोगों ने न केवल गाली-गलौज और मारपीट की, बल्कि गल्ले से जबरन 15 से 20 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित को पकड़कर धमकाया गया और जान से मारने की चेतावनी दी गई। सुरेश एचलाल द्वारा घर में घुसकर हत्या करवाने की धमकी भी दी गई, जिसका वीडियो होने का दावा किया गया है।
शिवशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर शिकायत के बावजूद 16 मार्च से लेकर 4 अप्रैल तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उल्टा थाना प्रभारी द्वारा समझौता कराने का दबाव बनाया जा रहा है, यह कहकर कि आरोपी भाजपा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था पर सीधा हमला और पुलिस की निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न बताया।
सिंह ने यह भी कहा कि थाना प्रभारी को समझौता कराने का कोई अधिकार नहीं है, उनका कर्तव्य FIR दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना है। साथ ही उन्होंने नगर निगम प्रशासन और महापौर से लालबाग क्षेत्र में नाले और सड़क पर बने 20-25 अवैध स्थायी कब्जों को तुरंत हटाने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 7 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ने पर जनहित याचिका दायर कर संवैधानिक लड़ाई भी लड़ी जाएगी।



