हमर छत्तीसगढ़

बैरन बाजार जीमखाना मैदान में मास्टर्स कप क्रिकेट लीग का दमदार आगाज़, खेल के बहाने नशे के खिलाफ बड़ा संदेश

 

संपादक:- मीनू साहू 

रायपुर:- छत्तीसगढ़ के राजघानी रायपुर में बैरन बाजार स्थित जीमखाना मैदान में मास्टर्स कप क्रिकेट लीग का भव्य और ऊर्जावान शुभारंभ हुआ, जहां खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सीमित आकार के मैदान में अनोखे फॉर्मेट के साथ आयोजित इस प्रतियोगिता ने शुरुआत से ही रोमांच का माहौल बना दिया है। कुल 16 टीमों की भागीदारी इस आयोजन को और भी प्रतिस्पर्धात्मक और आकर्षक बना रही है।
टूर्नामेंट को खास बनाने के लिए विजेता टीम के लिए 1 लाख रुपये की आकर्षक इनामी राशि और चमचमाती ट्रॉफी निर्धारित की गई है, जिसने खिलाड़ियों के जोश को दोगुना कर दिया है। हर मुकाबले में जुनून, जज्बा और जीत की भूख साफ झलक रही है।आयोजन समिति से जुड़े सैयद बाबर अली (अधिवक्ता) ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल की ओर प्रेरित करना और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि जब युवा मैदान में पसीना बहाते हैं, तो वे गलत राहों से खुद-ब-खुद दूर हो जाते हैं। यही सोच इस लीग की नींव है।इस क्रिकेट महाकुंभ की खास बात यह भी है कि इसमें युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ अनुभवी और सीनियर खिलाड़ियों ने भी पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया है, जिससे मैदान पर अनुभव और ऊर्जा का जबरदस्त संगम देखने को मिल रहा है।उद्घाटन समारोह में डॉ. आई रहमान (एम.डी. मेडिसिन, रामकृष्ण हॉस्पिटल), सैयद जाकिर अली (अधिवक्ता) और अमर चंदन्नानी (समाजसेवी) विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए सकारात्मक कदम बताया।इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में बाकर अब्बास (उपाध्यक्ष, शहर जिला कांग्रेस कमेटी), मोहिब खान, सैय्यद बाबर अली (अधिवक्ता) और काशिफ खान (समाजसेवी) की अहम भूमिका रही है। इनके प्रयासों से यह प्रतियोगिता न केवल खेल का मंच बनी है, बल्कि युवाओं को सही दिशा दिखाने का एक सशक्त माध्यम भी बन रही है।कुल मिलाकर, मास्टर्स कप क्रिकेट लीग केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और युवा सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर उभर रही है, जो आने वाले समय में और भी बड़े बदलाव की नींव रख सकती है।

Related Articles

Back to top button