छत्तीसगढ़ हॉकी के पूर्व प्रथम कप्तान अब्दुल कादिर कुरैशी बने ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष

संपादक :- मीनू साहू
राजनांदगांव:- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा उत्तर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव की नई कार्यकारिणी घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं छत्तीसगढ़ हॉकी टीम के पूर्व प्रथम कप्तान अब्दुल कादिर कुरैशी को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं, खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर दौड़ गई। विभिन्न क्षेत्रों से लगातार उन्हें बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
अब्दुल कादिर कुरैशी लंबे समय से राजनीति और खेल दोनों क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। खेल जगत में उनकी पहचान छत्तीसगढ़ हॉकी टीम के प्रथम कप्तान के रूप में रही है। उन्होंने अपने नेतृत्व और खेल प्रतिभा से प्रदेश में हॉकी को नई पहचान दिलाई। उनके मार्गदर्शन में कई युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिला और खेल के प्रति युवाओं में उत्साह बढ़ा। खेल के क्षेत्र में उनके योगदान को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।
राजनीतिक क्षेत्र में भी अब्दुल कादिर कुरैशी की सक्रियता और जनसंपर्क मजबूत माना जाता है। कांग्रेस संगठन में वे लंबे समय से जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने में जुटे रहे हैं। उनकी साफ-सुथरी छवि, संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें ब्लॉक उपाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि कुरैशी के अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ संगठन को निश्चित रूप से मिलेगा। उनकी नियुक्ति से खासकर युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। खेल और राजनीति दोनों क्षेत्रों में उनकी सक्रिय उपस्थिति संगठन को जनसरोकारों से जोड़ने में मदद करेगी।
उनकी नियुक्ति पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न खेल संगठनों, हॉकी खिलाड़ियों और सामाजिक लोगों ने भी खुशी जाहिर करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई है कि वे नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।नवनियुक्त ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर कुरैशी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति और खेल दोनों क्षेत्रों में युवाओं को आगे बढ़ाने तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।



