रात के अंधेरे में पत्रकारों पर हमला, तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आए दो युवक, कार्रवाई की मांग तेज
वाहन चालक को रोकने का प्रयास किया, तो उसने सहायता करने के बजाय कार वापस मोड़ी और फिर से उनकी ओर बढ़ते हुए कथित रूप से हमला करने की कोशिश की।

संपादक:- मीनू साहू
राजनांदगांव:- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर में दो युवा पत्रकारों के साथ हुई गंभीर घटना ने पत्रकार जगत में चिंता और रोष पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार रात लगभग 11:30 बजे पत्रकार सौरभ ताम्रकार और योगेश साहू लखोली चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से दौड़ रही एक कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद जब दोनों ने वाहन चालक को रोकने का प्रयास किया, तो उसने सहायता करने के बजाय कार वापस मोड़ी और फिर से उनकी ओर बढ़ते हुए कथित रूप से हमला करने की कोशिश की। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद दोनों घायल स्वयं कोतवाली थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक उपचार के लिए दोनों को बसंतपुर मेडिकल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सौरभ ताम्रकार को अपेक्षाकृत अधिक चोटें आई हैं, जबकि योगेश साहू भी घायल हुए हैं।
समाचार लिखे जाने तक वाहन चालक की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी थी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद प्रदेशभर के पत्रकारों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। पत्रकार संगठनों ने दोषी की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।



