स्मार्ट मीटर और महंगे बिजली बिल के खिलाफ दल्ली राजहरा में गरजे युवा कांग्रेसी,
मूसलाधार बारिश में चक्काजाम से सरकार को घेरा

संपादक:- मीनू साहू
बालोद/दल्ली राजहरा:- छत्तीसगढ़ में बालोद जिला के दल्ली राजहरा में बिजली दरों के बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता और कथित तौर पर बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मूसलाधार बारिश के बीच मानपुर चौक पर सैकड़ों युवाओं ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया और सरकार की बिजली नीति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन डौंडीलोहारा विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया की मौजूदगी में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस अध्यक्ष पद के प्रत्याशी प्रशांत बोकाडे के नेतृत्व में हुआ।
प्रदर्शनकारियों का आरोप रहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में उपभोक्ताओं को बिजली बिल में जो राहत और छूट मिलती थी, उसे भाजपा सरकार ने समाप्त कर दिया। इसके साथ ही बिजली की दरों में वृद्धि का सीधा असर आम परिवारों की जेब पर पड़ रहा है। युवा कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि कई उपभोक्ताओं द्वारा सामान्य से अधिक बिल आने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में सरकार को उपभोक्ताओं की परेशानी का जवाब देना चाहिए।
विधायक अनिला भेड़िया ने प्रदर्शनकारियों के बीच सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “जनता को राहत देने के बजाय भाजपा सरकार बिजली के नाम पर लगातार बोझ बढ़ा रही है। कांग्रेस सरकार के समय आम उपभोक्ताओं को जो राहत मिलती थी, उसे छीन लिया गया। स्मार्ट मीटर के नाम पर लोगों में भय और असमंजस की स्थिति पैदा हुई है। सरकार को जनता की आवाज सुननी होगी और बढ़े हुए बिजली बिलों तथा स्मार्ट मीटर की शिकायतों का समाधान करना होगा।”
मूसलाधार बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ। प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे और “बिजली बिल कम करना होगा, स्मार्ट मीटर हटाना होगा” जैसे नारों से माहौल गुंजायमान करते रहे।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत बोकाडे ने कहा कि यह आंदोलन महज शुरुआत है। उन्होंने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर युवा कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है। केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक नाकामी के खिलाफ भी चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक आम जनता की समस्याओं पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन का सिलसिला आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रदर्शन में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शिबू नायर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रत्ती राम कोसमा, पूर्व नपा उपाध्यक्ष रवि जायसवाल, विवेक मसीह, संतोष पांडेय, विजय जोगदंड, प्रदीप बबलू, जिलाध्यक्ष प्रत्याशी साजन पटेल, इंटक युवा अध्यक्ष सनी जायसवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी अशोक श्रीवास्तव, कान्हा टांक, के. आशीष, अदीब, प्रशांत राव, शुभम पिपरे, जावेद खान, आकाश सिंह, गौतम, तालिब, परितोष हंसपाल सहित बालोद युवा कांग्रेस से सुमित शर्मा, देवेंद्र साहू, मोनिश पारकर और वैभव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में विधायक अनिला भेड़िया की उपस्थिति में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद चक्काजाम समाप्त किया गया। युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



