हमर छत्तीसगढ़

NH-930 की बदहाली पर बड़ा सवाल ‘गड्ढों में सड़क या सड़क में गड्ढे?’

संपादक:- मीनू साहू 

बालोद/मोहला :- बालोद अंबागढ़ चौकी। NH-930 पर सड़क की हालत इन दिनों जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। मोहला-अंबागढ़ चौकी के प्रवेश द्वार के ठीक सामने बालोद जिले की सीमा में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का कारण बने हुए हैं। इसके बावजूद इसी मार्ग पर टोल प्लाजा शुरू करने की तैयारी की खबरें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

बारिश के कारण गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती। दोपहिया वाहन चालक अचानक गड्ढे में पहुंचकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं, जबकि भारी वाहनों के लिए भी यह स्थिति जोखिमपूर्ण बनी हुई है। रात के समय खतरा और बढ़ जाता है। ऐसे में नागरिकों का सवाल है कि जब सड़क पर सुरक्षित आवागमन तक सुनिश्चित नहीं है, तो टोल टैक्स किस सुविधा के बदले लिया जाएगा?

प्रवेश द्वार पर ही सड़क की दुर्दशा

मोहला-अंबागढ़ चौकी का प्रवेश द्वार क्षेत्र की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थान है। इसके सामने ही सड़क की ऐसी तस्वीर सामने आना प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठाता है। नागरिकों का कहना है कि सड़क की मरम्मत केवल औपचारिकता बनकर नहीं रहनी चाहिए। गड्ढों को स्थायी तकनीकी प्रक्रिया से दुरुस्त किया जाए, ताकि कुछ दिनों बाद वही समस्या दोबारा सामने न आए।

टोल से पहले गुणवत्ता की हो जांच

लोगों की मांग है कि टोल प्लाजा शुरू करने से पहले NH-930 की सड़क का तकनीकी परीक्षण कराया जाए। निर्माण सामग्री, सड़क की मजबूती और मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच हो। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या मानकों की अनदेखी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाए।

कलेक्टर से जनता की स्पष्ट मांग

बालोद कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा से नागरिकों ने मांग की है कि सड़क को पूरी तरह सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाए जाने तक टोल वसूली की प्रक्रिया पर पुनर्विचार किया जाए। जनता का कहना है कि पहले सुविधाजनक और सुरक्षित सड़क उपलब्ध कराई जाए, उसके बाद शुल्क लेने की व्यवस्था लागू हो।

अब सवाल सिर्फ गड्ढों का नहीं, बल्कि जवाबदेही, सड़क की गुणवत्ता और जनता की सुरक्षा का है। प्रशासन यदि समय रहते गंभीरता नहीं दिखाता है तो NH-930 की यह बदहाली किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

Related Articles

Back to top button