दुर्ग पुलिस ने चिट्टा तस्करी गिरोह दबोचा, 31.25 लाख की संपत्ति जब्त

दुर्ग। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ऑपरेशन विश्वास के तहत मोहन नगर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने चिट्टा (हेरोइन) तस्करी में शामिल गैंग का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने 246 ग्राम चिट्टा जब्त किया जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त कार और नगदी समेत कुल 31.25 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
ऐसे हुई कार्रवाई
मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार क्रमांक CG 07 CS 7776 में कुछ लोग चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। कार धमधा रोड सब्जी मंडी क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रही थी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और जांच की।
गिरफ्तार आरोपी
जांच में पकड़े गए आरोपियों की पहचान उज्जवल सिंह उर्फ गोलू (32, जामुल), मोन्टी अरोरा (32, भिलाई), रजत पाण्डेय (27, सुपेला), राहुल सिंह (32, भिलाई), लोकेश ओगरे (26, भिलाई-03) और जगतार सिंह (36, खुर्सीपार) के रूप में हुई। तलाशी में लाल बैग से 246 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने सभी पर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21(ख) और 27(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



