हमर छत्तीसगढ़

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन और CMO कोमल ठाकुर ने किया स्थल निरीक्षण; करीब 2 करोड़ के निर्माण कार्यों को जल्द शुरू कराने के निर्देश, शासकीय भूमि का तैयार होगा विस्तृत रिकॉर्ड

गुंडरदेही में विकास का मास्टर प्लान तैयार, WTP को दो माह की डेडलाइन से लेकर चौपाटी तक कई योजनाओं पर कवायद

संपादक :- मीनू साहू 

बालोद:- गुंडरदेही नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रशासन ने गतिविधियां तेज कर दी हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी कोमल ठाकुर ने अधिकारियों और तकनीकी अमले के साथ विभिन्न निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान पेयजल परियोजना से लेकर सड़क, नाली, सार्वजनिक स्थल और नगर सौंदर्यीकरण से जुड़े विषयों पर मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण की शुरुआत अमृत मिशन के तहत निर्माणाधीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) से हुई। अध्यक्ष एवं सीएमओ ने प्लांट में चल रहे निर्माण की स्थिति, कार्य की गुणवत्ता तथा प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजना का काम अब निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। अगले दो माह में WTP का निर्माण पूरा करने की डेडलाइन तय की गई है। अधिकारियों ने निर्माण में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने तथा कार्य में अनावश्यक देरी से बचने की हिदायत दी।इसके बाद बघमरा क्षेत्र की सीलिंग भूमि समेत आसपास के सरकारी भूखंडों का निरीक्षण किया गया। नगर पंचायत क्षेत्र में भविष्य की योजनाओं के लिए उपलब्ध भूमि की स्थिति समझने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों का भौतिक सत्यापन किया गया।

करीब दो करोड़ के विकास कार्यों पर तेजी

नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित बैठक में अध्यक्ष प्रमोद जैन ने विभागीय अधिकारियों से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। नगर में लगभग 2 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिलने की जानकारी सामने आई। इनमें शीतला मंदिर के सामने टिनशेड, वार्ड क्रमांक 15 में हनुमान मंदिर के सामने टिनशेड, सब्जी मंडी परिसर में सीसी रोड तथा धमतरी चौक से नगर पंचायत कार्यालय तक नाली निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।अध्यक्ष ने इंजीनियर एवं सीएमओ को निविदा संबंधी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने और स्वीकृत योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। पहले से स्वीकृत लेकिन अब तक शुरू नहीं हुए कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित ठेकेदारों से समन्वय कर लंबित निर्माण तत्काल प्रारंभ कराने को कहा गया।

शराब भट्टी और मर्चुरी के लिए वैकल्पिक भूमि की तलाश

नगर की आबादी के बीच स्थित शराब भट्टी और मर्चुरी को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की संभावनाओं को लेकर टीम ने खर्रा रोड स्थित कचरा डंपिंग यार्ड से आगे सिंधी ईंट भट्टी के आसपास की शासकीय भूमि का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने स्थल की स्थिति और उपयोगिता का जायजा लेते हुए भविष्य में संभावित स्थानांतरण के लिए विकल्पों पर चर्चा की। अंतिम निर्णय से पहले संबंधित भूमि का राजस्व रिकॉर्ड और वास्तविक स्थिति सामने लाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

शिवलिंग स्थापना और चौपाटी की योजना

नगर में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से WTP के समीप नदी किनारे उपलब्ध स्थान पर भगवान शिवलिंग की स्थापना का प्रस्ताव है। वहीं जनपद रोड पर सामुदायिक भवन से पहले लकड़ीटाल क्षेत्र में चौपाटी विकसित करने की योजना पर भी स्थल निरीक्षण किया गया।चौपाटी बनने से स्थानीय नागरिकों के लिए सार्वजनिक मनोरंजन एवं खान-पान का एक नया केंद्र विकसित करने की मंशा है।

सरकारी जमीन का बनेगा पूरा डाटा

निरीक्षण के दौरान हलका पटवारी को नगर पंचायत सीमा के भीतर मौजूद शासकीय भूमि का विस्तृत विवरण तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसमें नक्शा, खसरा नंबर, भूमि की स्थिति और उपलब्ध क्षेत्रफल की जानकारी शामिल करने को कहा गया है। खर्रा रोड, रजिस्ट्री कार्यालय, मर्चुरी क्षेत्र, बघमरा तथा अन्य स्थानों की सरकारी जमीनों का रिकॉर्ड नगर पंचायत को उपलब्ध कराया जाएगा।इसके अलावा तहसील कार्यालय के पीछे वन विभाग द्वारा विकसित कृष्ण कुंज को नगर पंचायत को सौंपे जाने के संबंध में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा किए जाने की जानकारी दी गई।नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि विकास योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए विभागीय स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाएगी। पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता, सार्वजनिक सुविधाओं और नगर सौंदर्यीकरण से जुड़े प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की बात कही गई।निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, तकनीकी अमला, राजस्व कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button