पलारी में रामभक्ति, लोकसंस्कृति और उत्सव का महाजागरण, प्रदेश स्तरीय संगीतमय मानस महोत्सव से सजेगा नगर

रिपोर्टर:- उत्तम साहू
एंकर:- छत्तीसगढ़ के बालोद जिला अंतर्गत नगर पंचायत पलारी एक बार फिर धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता का जीवंत केंद्र बनने जा रहा है। पलारी मानस प्रचार समिति एवं समस्त ग्रामवासी नगर पंचायत पलारी के संयुक्त प्रयास से मानस मैदान पलारी में 23 जनवरी से प्रदेश स्तरीय त्रिदिवसीय संगीतमय मानस महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन केवल मानस गायन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना, लोकपरंपरा और सामूहिक सहभागिता का सशक्त प्रतीक बनेगा।
23 जनवरी : भक्ति स्वर के साथ शुभारंभ
महोत्सव का शुभारंभ 23 जनवरी को अपरान्ह 2 बजे होगा। इस अवसर पर गुरूर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संजय साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में जनपद सभापति हरिकृष्ण गंजीर, संध्या आजेंद्र साहू, जनपद सदस्य गुलाब सिंह सिन्हा, आशीष कुमार साहू, झालेन्द्र कुमार साहू, पूर्व लेबर कांट्रेक्टर मन्नूलाल साहू तथा क्षेत्रीय विक्रय अधिकारी अभिषेक यादव शामिल होंगे। दीप प्रज्ज्वलन के साथ मानस गायन की आध्यात्मिक धारा प्रवाहित होगी और वातावरण राममय हो उठेगा।
24 जनवरी : सांस्कृतिक मंच पर जनप्रतिनिधियों का सशक्त संदेश
द्वितीय दिवस 24 जनवरी, शनिवार को आयोजन और अधिक भव्य रूप लेगा। इस दिन विधायक संगीता भैया सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चन्द्रेश हिरवानी करेंगे। विशेष अतिथि के रूप में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर साहू, जिपं पूर्व सभापति केदार देवांगन, विधायक प्रतिनिधि टोमन लाल, पूर्व जिला मंडी उपाध्यक्ष बसंत कुमार सोनबेर सहित अनेक प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। यह दिवस लोकसंस्कृति को सामाजिक चेतना से जोड़ने वाला मंच सिद्ध होगा।
25 जनवरी : सम्मान, समर्पण और समापन का गौरव
25 जनवरी, रविवार को महोत्सव का भव्य समापन होगा। इस दिन शहरी आवास एवं विकास केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी कौशिल्या देवी साय करेंगी। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद भोजराज नाग उपस्थित रहेंगे। विशेष अतिथियों में भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, उत्तर रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद मोहन मंडावी, जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत सभापति लक्ष्मी अशोक साहू, कृषि समिति सभापति तेजराम साहू, चन्द्रिका गंजीर एवं नगर विकास समिति अध्यक्ष राजेश सोनबेर शामिल होंगे।
प्रतियोगिता और पुरस्कार से बढ़ेगा उत्साह
प्रदेश भर से आने वाली मानस मंडलियों के लिए आकर्षक पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। पुरुष वर्ग में प्रथम पुरस्कार 5001 रुपये से लेकर सप्तम पुरस्कार 1001 रुपये तक प्रदान किए जाएंगे। महिला मंडली वर्ग में भी प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ विशेष सम्मान दिया जाएगा। व्याख्या, संगीत, वेशभूषा और अनुशासन के लिए विशेष पुरस्कार घोषित किए गए हैं, साथ ही प्रत्येक मंडली को सांत्वना पुरस्कार देकर सहभागिता का सम्मान किया जाएगा।
निर्णायक मंडल, मंच संचालन और मंडाई मेला
निर्णायक के रूप में सेवा निवृत्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी धमतरी जी.के. साहू (व्याख्या पक्ष) एवं विद्यालय खैरागढ़ के कमलेश साहू (संगीत पक्ष) अपनी भूमिका निभाएंगे। मंच संचालन योगिता साहू (पटेवा महासमुंद), बसंत सोनबेर (पलारी) एवं योगेश किरण करेंगे।
26 जनवरी : मंडाई मेला और लोककला
26 जनवरी, सोमवार को मंडाई मेला का आयोजन किया जाएगा, जो इस उत्सव को लोकपर्व का स्वरूप देगा। रात्रिकालीन मनोरंजन के लिए महेश्वर साहू कृत लोक कलामंच भोथीपार द्वारा “लोककला धरती के सिंगार” की मनमोहक प्रस्तुति दी जाएगी, जो दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोककला और परंपरा से रूबरू कराएगी।यह संगीतमय मानस महोत्सव पलारी को आस्था, संस्कृति और लोकचेतना के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



