रायपुर :- भारत के 76वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित राज्यपाल निवास लोक भवन में आयोजित अभिनंदन समारोह गरिमा, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण बना। इस विशिष्ट अवसर पर राज्यपाल महोदय रमेन डेका के आमंत्रण पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमेन तोमन साहू ने समारोह में शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई।लोक भवन परिसर में आयोजित इस समारोह में राष्ट्रनिर्माण, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की भावना स्पष्ट रूप से झलकती रही। राज्यपाल से भेंट के दौरान तोमन साहू ने उन्हें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा छत्तीसगढ़ में किए जा रहे मानवीय कार्यों, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान जागरूकता और वंचित वर्गों के उत्थान से जुड़े प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।तोमन साहू ने कहा कि रेड क्रॉस सोसायटी केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का संकल्प है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही संगठन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में रेड क्रॉस सोसायटी स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को सामाजिक सेवा से जोड़ने की दिशा में और अधिक प्रभावी योजनाओं के साथ कार्य करेगी। इस दिशा में राज्यपाल का मार्गदर्शन और संरक्षण संगठन के लिए प्रेरणास्रोत है।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व राज्यपाल महोदय रमेश बैस सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि ‘समृद्ध दीदी से समृद्ध राष्ट्र’ अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की 6 लखपति दीदियों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, जो राज्य में महिला आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत करता है।राज्यपाल महोदय रमेन डेका ने इस अवसर पर पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित विभूतियों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संविधान की आत्मा समानता, सेवा और समर्पण में निहित है, और ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।समारोह का वातावरण देशभक्ति, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से ओतप्रोत रहा। लोक भवन परिसर में उपस्थित हर व्यक्ति के चेहरे पर गणतंत्र दिवस का गौरव और राष्ट्र के प्रति समर्पण स्पष्ट दिखाई दिया।
तोमन साहू की उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि सामाजिक संस्थाएं और संवैधानिक पद एक साथ मिलकर समाज के कमजोर वर्गों के लिए ठोस और प्रभावी कार्य कर सकते हैं। यह आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और संवेदनशील शासन की दिशा में एक सशक्त कदम के रूप में याद किया जाएगा।
Back to top button