नहर पुलिया के पास चल रहा था अवैध शराब का धंधा जिला, दुर्ग पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

संपादक :- मीनू साहू
बालोद:- छत्तीसगढ़ के दुर्ग पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना नंदिनी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब, नकदी रकम और मोटर सायकल जप्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 11 मई 2026 को थाना नंदिनी नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति ग्राम अहिवारा स्थित नहर पुलिया के पास अवैध रूप से देशी शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है और खुलेआम बिक्री की तैयारी में जुटा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल हरकत में आई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने संदेही व्यक्ति को घेरकर पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सज्जन खान उर्फ सजन पिता उस्मान खान उम्र 60 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 04 अहिवारा थाना नंदिनी नगर जिला दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 32 पौवा देशी मदिरा शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 3,200 रुपये बताई गई है, बरामद की गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद तथा एक मोटर सायकल भी जप्त की गई। जप्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 23,700 रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 151/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
थाना नंदिनी नगर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब बिक्री, तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।स पूरी कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की।



