बारिश भी नहीं रोक सकी रामभक्तों का उत्साह
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष चम्पेश्वर सिंह राजपूत ने पूजन-अर्चन और दीप प्रज्ज्वलन से किया।

संपादक:- मीनू साहू
बालोद/धमतरी :- मानस संगठन ने राज्यस्तरीय संत तुलसीदास जयंती समारोह का आयोजन किया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में मानस प्रेमी और श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे। धमतरी के अलावा बालोद और दुर्ग जिले से भी बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश अध्यक्ष चम्पेश्वर सिंह राजपूत ने पूजन-अर्चन और दीप प्रज्ज्वलन से किया। बस्ती समिति के पदाधिकारी, पार्षदगण, रामायण आयोजन समिति के सदस्य तथा विभिन्न जिलों से पहुंचे मानस संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। स्वागत सम्मान के बाद आमंत्रित मानस मंडलियों ने रामचरितमानस के प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुति दी। श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।
समारोह में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों के मनोनयन और चयन की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
पोटियाडीह की माधुर्य मानस प्रचार समिति के पंडित चेतनदुलार देवांगन को 20 वर्षों की मानस साधना के लिए ‘मानस रत्न-2026’ सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें प्रतीक चिह्न, अभिनंदन-पत्र, श्रीफल, साल और आजीवन सदस्यता दी गई। उन्होंने कहा कि संगठन ने पहली बार उनकी कला और प्रतिभा को सम्मानित किया है। उन्होंने 5 हजार से अधिक मानस मंडलियों को जोड़ने वाले संगठन के प्रयासों की सराहना की।इसी तरह ग्राम पंचायत सतमरा, विकासखंड गुण्डरदेही के सरपंच एवं मानस आयोजन समिति के संरक्षक सोनऊ राम साहू सन्नी को 30 वर्षों से मानस प्रचार और आयोजन में योगदान के लिए मानस रत्न-2026 से सम्मानित कियागया। उन्होंने संगठन से जुड़ना गौरव की बात बताते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय शारदादास मानिकपुरी को श्रद्धांजलि देकर की गई। वे धमतरी जिला मानस संगठन के निवर्तमान अध्यक्ष और भखारा आयोजन समिति के प्रमुख प्रेरणास्रोत रहे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके योगदान और संस्मरणों को याद किया।
राधाकृष्ण महिला मानस मंडली थूहा कुरुद, रुद्रेश्वर महादेव मानस परिवार परसुली गुरूर, ज्योति महिला मानस मंडली, बाल लीला मानस मंडली और वेद मानस परिवार देवरी सहित कई मंडलियों ने प्रस्तुति दी। 1 सितंबर को आयोजन से जुड़े अनुभवी ग्रामीणों का सम्मान हुआ। रात में जय छत्तीसगढ़ बालक रामधुनी मंडली देवरी भखारा ने प्रस्तुति दी। मंच संचालन नितेश मानिकपुरी ने किया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक कुरूद लेख राम साहू रहे। अध्यक्षता चम्पेश्वर सिंह राजपूत ने की। मनमोहन साहू, भागेश हिरवानी, दिनेश्वर गंगबेर सहित अन्य अतिथियों ने संबोधित किया।
संगठन ने अक्टूबर में कथावाचक एवं उद्घोषक कार्यशाला, नवंबर में मानस गोष्ठी और दिसंबर में कक्षा 6वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए रामचरितमानस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष ने रामभक्तों से संगठन से जुड़कर मानस और सनातन संस्कृति के प्रचार अभियान में सहयोग करने की अपील की।



