एशिया कप फाइनल में भी दोहराया गया ‘नो हैंडशेक’ पल, सूर्या ने पाक कप्तान को फिर किया नजरअंदाज

नई दिल्ली। एशिया कप 2025 फाइनल में टॉस के समय एक बार फिर वही नजारा देखने को मिला, जिसकी चर्चा पहले से थी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतने के बाद भी पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाया।
यह पहली बार नहीं है, इससे पहले 14 सितंबर को लीग मैच और 21 सितंबर को सुपर-4 मुकाबले के दौरान भी सूर्या ने आगा से हाथ मिलाने से परहेज किया था। फाइनल में भी यह सिलसिला जारी रहा। इस दौरान मैदान पर मौजूद कमेंटेटर रवि शास्त्री ने भी आगा से बातचीत नहीं की, जबकि आमतौर पर टॉस के समय दोनों कप्तानों से बात करना परंपरा रही है।
फाइनल में सूर्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिससे पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी का मौका मिला। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही है, जबकि पाकिस्तान ने उतार-चढ़ाव के बावजूद खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
सोशल मीडिया पर अब एक बार फिर ‘नो हैंडशेक’ ट्रेंड कर रहा है और दोनों टीमों के खिलाड़ियों के रवैये को लेकर बहस तेज हो गई है।



