एनडीए संसदीय दल की बैठक: आतंकवाद के खिलाफ ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर पीएम मोदी हुए सम्मानित

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों की पहली बैठक हुई, जिसमें आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना के सटीक सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सम्मानित किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एनडीए की ओर से उन्हें यह सम्मान सौंपा।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले गृह मंत्री बन चुके हैं। उन्होंने एनडीए नेताओं को संबोधित करते हुए संगठन की एकजुटता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना पर बल दिया।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘महादेव’ को लेकर प्रस्ताव पारित
एनडीए की बैठक में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘ऑपरेशन महादेव’ के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और कुशल रणनीति की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें पहलगाम में हुए आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए कहा गया कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन ‘द रेसिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने 22 अप्रैल को हमला कर 26 निर्दोष पर्यटकों को निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया था।
प्रस्ताव में कहा गया कि इस जघन्य हमले के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने 24 अप्रैल को बिहार से आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया था और उसके बाद 6-7 मई की रात भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाकर पीओके में स्थित नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।
भारतीय संस्कृति से जुड़ा ‘सिंदूर’ का प्रतीक
प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ न केवल आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई थी, बल्कि यह उन महिलाओं को न्याय दिलाने का प्रयास भी था, जिनका सम्मान आतंकी हमले में छीना गया। ‘सिंदूर’ भारतीय संस्कृति में स्त्री के सुहाग का प्रतीक माना जाता है, और सेना की इस कार्रवाई को उसी प्रतीकात्मकता से जोड़ा गया।
एनडीए के सांसदों ने इस अभियान में प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व और दृढ़ निश्चय की सराहना करते हुए उन्हें ‘नए भारत’ के संकल्प का प्रतीक बताया।



