हमर छत्तीसगढ़

भिलाई: 140 करोड़ के कस्टम मिलिंग घोटाले में ED की छापेमारी, संदिग्ध दस्तावेज जब्त

भिलाई। 140 करोड़ रुपये के कस्टम मिलिंग घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ED की चार सदस्यीय टीम ने भिलाई के हुडको इलाके में एक निजी निवास पर सुबह 6 बजे छापा मारा। घर को घेरकर टीम ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े कागजों की छानबीन की, साथ ही कई संदिग्ध दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से घोटाले में बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

पहले हुई कार्रवाई

आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने इस घोटाले में रिटायर्ड IAS अधिकारी अनिल टुटेजा और रायपुर के होटल कारोबारी अनवर ढेबर को गिरफ्तार किया था। उनकी पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर ED ने यह छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक, अधिकारियों और मिलर्स की मिलीभगत के अहम सबूत मिले हैं।

घोटाले का स्वरूप

छत्तीसगढ़ सरकार हर साल किसानों से धान खरीदती है और उसे चावल में बदलने के लिए मिलर्स को देती है। तय शर्तों के तहत मिलिंग का भुगतान किया जाता है। आरोप है कि कागजों पर फर्जी मिलिंग दिखाकर भुगतान हड़पा गया और अधिकारियों-मिलर्स की सांठगांठ से करोड़ों रुपये की अवैध वसूली हुई। जांच एजेंसियों का अनुमान है कि घोटाले का दायरा 140 करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकता है।

Related Articles

Back to top button