भारत

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सात दिवसीय हाथी महोत्सव की शुरुआत

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के रामा कैम्प में सात दिवसीय हाथी महोत्सव की शुरुआत की गई है। इस दौरान विभागीय हाथियों की विशेष देखभाल की जाएगी और महावतों व चारा काटने वाले कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी होगा।

फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने बताया कि बांधवगढ़ में हर साल यह महोत्सव सात दिनों तक चलता है। रोजाना हाथियों को स्नान कराया जाएगा और उन्हें फल व उनकी पसंदीदा चीजें खिलाई जाएंगी। रिजर्व में कुल 15 विभागीय हाथी हैं, जिनमें नौ नर और छह मादा शामिल हैं। इनमें सबसे उम्रदराज हाथी गौतम है। टाइगर रेस्क्यू, प्रबंधन, मानसून गश्त और विद्युत लाइन की निगरानी में इन हाथियों की अहम भूमिका रहती है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दो हाथियों को आम जनता से मिलवाया जाएगा।

डिप्टी डायरेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि सात दिन चलने वाले इस आयोजन में हाथियों के साथ जुड़े सभी कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच होगी। इस अवधि में सभी हाथियों को पूरी तरह आराम दिया जाएगा ताकि आने वाले पर्यटन सत्र की चुनौतियों के लिए वे पूरी तरह तैयार हो सकें।

Related Articles

Back to top button