मुंबई हमले पर पीएम मोदी का बयान: कहा, कांग्रेस ने विदेशी दबाव में झुककर सेना को रोका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नवी मुंबई एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2008 के मुंबई आतंकी हमले के दौरान उस समय की कांग्रेस सरकार ने आतंकवाद के सामने घुटने टेक दिए थे और विदेशी दबाव के चलते पाकिस्तान पर कार्रवाई नहीं की।
मोदी ने कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी होने के साथ-साथ भारत का सबसे जीवंत शहर है, इसलिए आतंकियों ने इसे निशाना बनाया। लेकिन उस समय की सरकार ने देश को मजबूती का नहीं, बल्कि कमजोरी का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता, जो कभी देश के गृहमंत्री रहे हैं, ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि उस समय भारतीय सेना पाकिस्तान पर हमला करने को तैयार थी। पूरे देश की यही इच्छा थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने बाहरी दबाव में आकर सेना को कार्रवाई से रोक दिया।



