रायपुर में नक्सली दंपति गिरफ्तार, शहरी नेटवर्क में थे सक्रिय

रायपुर के चंगोराभाठा इलाके में पुलिस ने एक नक्सली दंपति को गिरफ्तार किया है। ये अर्बन नक्सली, जग्गू उर्फ रमेश कुरसम (28) और कमला कुरसम (27), मूल रूप से बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों पिछले पांच-छह साल से रायपुर के विभिन्न इलाकों में रह रहे थे और हाल ही में एक महीने पहले चंगोराभाठा में किराए का मकान लेकर शिफ्ट हुए थे।
पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि यह दंपति नक्सली संगठन के शहरी नेटवर्क का हिस्सा है और संगठन को महत्वपूर्ण सूचनाएं भेजकर मदद कर रहा था। जांच में पता चला कि कमला ने मकान मालिक को फर्जी आधार कार्ड दिया था, जिसमें उसका नाम गलत दर्ज था। दंपति ने मकान किराए पर लेने का कारण अस्पताल में इलाज बताया था।
जग्गू उर्फ रमेश ने रायपुर में कई बड़े अधिकारियों के घर ड्राइवर और गार्ड के रूप में काम किया था। दोनों 2017-18 में नक्सली संगठन से जुड़े थे। पुलिस ने रमेश को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है, जबकि कमला को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है।



