रायपुर में नाबालिग का ड्रग्स लेते वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर नशे का वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप में एक नाबालिग युवक कार में बैठकर MDMA ड्रग्स का सेवन करता दिख रहा है। वीडियो में वह 100 रुपए के नोट से लाइन खींचते हुए नजर आ रहा है और बैकग्राउंड में गैंगस्टर सॉन्ग बज रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो सुंदर नगर इलाके का बताया जा रहा है और इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था। हालांकि, यह कब शूट किया गया था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि रायपुर में ड्रग्स नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई हो रही है, लेकिन पंजाब-दिल्ली कनेक्शन पर शिकंजा कसने के बाद अब नागपुर और गोंदिया से सप्लाई का नया नेटवर्क सक्रिय हो गया है। इस नेटवर्क के सदस्य वॉट्सऐप ग्रुप पर डिमांड मिलने पर शहर के अलग-अलग इलाकों में डिलीवरी कर रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि बीते दिनों इस गिरोह की गतिविधियां भाठागांव, न्यू राजेंद्र नगर, मौदहापारा, समता कॉलोनी, वीआईपी रोड, बिरगांव और शंकर नगर क्षेत्रों में देखी गईं।
फिलहाल, वायरल वीडियो पर रायपुर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की टीम ने जांच शुरू कर दी है और युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई के बीच बड़े सप्लायर अंडरग्राउंड हो गए हैं, जबकि उनका नेटवर्क शहर में सक्रिय युवाओं के जरिए कारोबार आगे बढ़ा रहा है।



