अपराध

अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश दो महिला समेत चार आरोपी गिरफ्तार, 13 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद

 

संपादक:- मीनू साहू 

दुर्ग/भिलाई:- दुर्ग और बालोद जिले में लगातार सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो महिलाओं, एक मुख्य आरोपी और चोरी के जेवर गिरवी रखने वाले एक ज्वेलरी दुकान संचालक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 13 लाख 12 हजार 800 रुपये मूल्य की सोने-चांदी की ज्वेलरी, नगदी और चोरी में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए गश्त, मॉर्निंग पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाई गई थी। जांच के दौरान एसीसीयू और थाना वैशाली नगर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण तथा करीब 1600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया। इस दौरान आरोपी नौशाद की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।पूछताछ में आरोपी नौशाद ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले का निवासी है और खुर्सीपार स्थित अपने ससुराल में रहकर मालवाहक वाहन चालक का काम करता था। आरोपी दिन में सूने मकानों की रेकी करता था और रात में अपने साथियों के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी से मिले पैसों से उसने हीरो डेस्टिनी वाहन भी खरीदा था।आरोपियों ने पूछताछ के दौरान गुरूनानक नगर, वैशाली नगर, हाउसिंग बोर्ड जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पुदमनगर तथा बालोद जिले के करहीभदर क्षेत्र में चोरी की वारदातों को स्वीकार किया। चोरी के सोने-चांदी के जेवर महिलाओं के माध्यम से पावर हाउस स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स में गिरवी रखे जाते थे। पुलिस ने मामले में ज्वेलरी दुकान संचालक दुर्गेश गोस्वामी को भी गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 60 ग्राम सोने के जेवर, 8.50 ग्राम चांदी के जेवर, कैमरा, इंडक्शन चूल्हा, 7,800 रुपये नगद और चोरी में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़ने से पहले आसपास के लोगों या पुलिस को जानकारी अवश्य दें तथा संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें।

Related Articles

Back to top button