दिल्ली दौरे से लौटे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पीएम मोदी-अमित शाह से की मुलाकात, मंत्रिमंडल विस्तार पर दिए संकेत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह तीन दिवसीय दिल्ली दौरा पूरा कर रायपुर लौट आए। 30 जुलाई से 1 अगस्त तक का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टिकोण से बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण रहा। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ सदन में राज्य के सांसदों के लिए भोज का आयोजन किया, वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास पर आयोजित रात्रिभोज में भी शामिल हुए। इस दौरान सीएम साय ने संसद भवन का भी दौरा किया और अपने कई पुराने साथियों से मुलाकात की।
छत्तीसगढ़ का विजन और राज्योत्सव पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री साय की मुलाकातों में राज्य के विकास की रणनीति और “विजन अंजोर@2047” की प्रमुखता रही। इसके साथ ही राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर आगामी छह महीनों तक चलने वाले आयोजनों और राज्योत्सव को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
‘बस्तर ओलंपिक’ को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
गृह मंत्री अमित शाह से हुई चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और सुरक्षा की स्थिति पर रिपोर्ट साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में आयोजित होने वाला ‘बस्तर ओलंपिक’ अब ‘खेलो इंडिया ट्राइब गेम्स’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे बस्तर को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी।
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिए स्पष्ट संकेत
दिल्ली दौरे के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई थीं। रायपुर लौटने के बाद एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा, “इंतजार करिए, जल्द होगा मंत्रिमंडल का विस्तार।” माना जा रहा है कि दिल्ली में भाजपा आलाकमान के साथ हुई बैठकों में इस पर गंभीर चर्चा हुई है और जल्द ही कुछ नामों पर सहमति बन सकती है।


