पत्रकारिता की नई रोशनी — प्रेस रिपोर्टर क्लब, बालोद जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन साक्षी बना एक ऐतिहासिक क्षण

बालोद :- छत्तीसगढ़ में बालोद जिला के पत्रकारिता की सशक्त धारा को नई दिशा देने वाले क्षणों में से एक प्रेरणादायी और अभूतपूर्व आयोजन जिले ने देखा जब प्रेस रिपोर्टर क्लब बालोद के जिला कार्यालय का भव्य उद्घाटन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस ऐतिहासिक आयोजन की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष बालोद श्रीमती सरस्वती टेमारिया ने की। उनके संयमित नेतृत्व और सौम्य व्यक्तित्व ने समारोह को विशेष ऊंचाई प्रदान की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती सीता साहू ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को और गरिमामय बनाया।बालोद साहित्य जगत की शान डॉ. अशोक आकाश ने अपनी साहित्यिक दृष्टि और संवेदनशील विचारों से पत्रकारिता की मूल्यपरक भूमिका पर प्रकाश डाला, वहीं नगर की पार्षद श्रीमती पुष्पा ईश्वर साहू ने सामाजिक सरोकारों और जनसेवा में पत्रकारों की भूमिका को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से रेखांकित किया।यह अवसर केवल एक कार्यालय उद्घाटन नहीं था, बल्कि पत्रकारों की एकता, प्रतिबद्धता और निर्भीक लेखनी के सौंदर्य का सुगंधित प्रस्फुटन था।नगर के वरिष्ठतम पत्रकारों की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को उत्कृष्टता की ऊंचाइयों पर पहुँचाया। अनुभवी और प्रतिष्ठित पत्रकारों की मौजूदगी ने यह सिद्ध किया कि बालोद पत्रकारिता जगत आज भी सिद्धांतों, आदर्शों और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अडिग है।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी और प्रदेश संयोजक राजू सोनी का आगमन कार्यक्रम में ऊर्जा का संचार करने वाला रहा। दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठन की नीति, उद्देश्य और आने वाले समय में पत्रकारों को मजबूत करने वाली योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए यह संदेश दिया कि प्रेस रिपोर्टर क्लब केवल एक मंच नहीं, बल्कि निष्पक्ष, जनपक्षीय और मूल्य आधारित पत्रकारिता का आंदोलन है।कार्यक्रम स्थल पर एक सुखद और अनुशासित माहौल देखने को मिला। सम्मान, सद्भाव और पेशेवर नैतिकता की भावना से भरा यह आयोजन सभी का अथक और सामूहिक मेहनत का परिणाम था। कार्यालय का शुभारंभ केवल औपचारिक उद्घाटन भर नहीं था बल्कि एक संकल्प—समाज के हर उस स्वर को वाणी देने का जो अनसुना है, उपेक्षित है और न्याय की उम्मीद लिए पत्रकारों की ओर देखता है।कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य मात्र समाचार संप्रेषण नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने, सत्य को उजागर करने और जनहित की रक्षा करने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी भावना के साथ प्रेस रिपोर्टर क्लब बालोद की जिला इकाई ने यह प्रण लिया कि उसकी कलम न किसी भय में झुकेगी, न किसी दबाव में टूटेगी।अंत में आभार प्रदर्शन में यह विचार उभरकर आया कि प्रेस रिपोर्टर क्लब का यह नया कार्यालय पत्रकारिता की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और जनसरोकारों के लिए एक मजबूत आधारशिला साबित होगा। यह उद्घाटन बालोद के पत्रकारों की एकता और साहसिक संकल्प की मिसाल बनकर आने वाले समय में उत्कृष्ट कार्यों की दिशा तय करेगा।यह आयोजन वास्तव में पत्रकारिता की उस पवित्र लौ को प्रज्वलित करने जैसा था जो समाज के हर अंधेरे को रोशन करने का साहस रखती है।



