अपराध

चोरी के आरोप में तीन गिरफ्तार, 5 किलो चांदी, सोना, नकदी और औजार बरामद

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी के आरोप में सूरज पटेल (32 वर्ष), पंकज सिंह मरावी (23 वर्ष) और चोरी का सामान खरीदने वाले व्यापारी प्रिंस सोनी (निवासी बुढ़ार) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चांदी, सोना, नकदी और चोरी में उपयोग किए गए औजार व वाहन भी जब्त किए हैं।

बरामद सामान:

  • 5 किलो से अधिक चांदी
  • सवा तोला सोना
  • ₹43,000 नकद
  • चोरी में उपयोग किया गया वाहन और औजार

सूने मकानों को बनाते थे निशाना

पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत ने बताया कि मार्च महीने में गौरेला थाना अंतर्गत न्यायालय के पास स्थित एक सूने मकान में चोरी की वारदात हुई थी, जो CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी गिरोह बाइक से कॉलोनियों में घूम-घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे और रात में वारदात को अंजाम देते थे।

संगठित गिरोह कर रहा था वारदात

इस गिरोह में कुल चार सदस्य शामिल थे, जो योजनाबद्ध तरीके से काम को आपस में बांटते थे। पुलिस ने 12 जुलाई को इस गिरोह के अन्य दो सदस्यों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद चोरी की पूरी कड़ी सामने आ चुकी है।

पुलिस लगातार कर रही निगरानी
एसपी भगत ने कहा कि इस तरह के आपराधिक नेटवर्क पर कड़ी नजर रखी जा रही है और शहर में गश्त और निगरानी को और भी सख्त किया गया है।

 

Related Articles

Back to top button