करुर में विजय की रैली में भगदड़, 31 से अधिक की मौत की आशंका

तमिलनाडु के करुर में टीवीके नेता और अभिनेता से राजनेता बने विजय की रैली में भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस हादसे में कई लोग बेहोश हो गए और कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। करुर के डीएमके विधायक सेंथिल बालाजी के अनुसार, इस घटना में महिलाओं और बच्चों सहित 31 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। स्थिति तब और बिगड़ गई जब पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने इस घटना पर दुख जताया और तत्काल जांच के साथ-साथ चिकित्सा सहायता प्रदान करने के आदेश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “करुर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई यह त्रासदी अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस घटना को दिल दहला देने वाला बताया और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
विजय को रोकना पड़ा भाषण
हादसे के कारण विजय को अपना भाषण बीच में रोकना पड़ा। भीड़ में अफरा-तफरी के बीच कई कार्यकर्ता और बच्चे दबाव में गिरकर बेहोश हो गए। विजय ने मंच से लोगों से शांति बनाए रखने और एम्बुलेंस के लिए रास्ता खाली करने की अपील की।



