हमर छत्तीसगढ़

माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापना के साथ भव्य कार्यक्रम में उमड़ा जनसागर

ग्राम कोन्हगाटोला में दीपोत्सव का शुभारंभ: गौठान चौक में माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापना के साथ भव्य कार्यक्रम में उमड़ा जनसागर

बालोद — छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में धनतेरस के पावन अवसर पर दीपावली पर्व की शुरुआत पूरे उल्लास और श्रद्धा के साथ हुई। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत कोन्हगाटोला के गौठान चौक में माता लक्ष्मी जी की भव्य प्रतिमा स्थापना का आयोजन ग्रामवासियों और पंचायत समिति द्वारा किया गया, जिसमें पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं का अपार उत्साह देखने को मिला। चारों ओर दीपों की रौशनी, मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत से वातावरण भक्तिमय हो उठा।इस शुभ अवसर पर जिले के प्रतिष्ठित राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता के.सी. पंवार प्रदेश भाजपा कार्य समिति के सदस्य ,तोमन साहू प्रदेश रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष, पवन साहू पूर्व जिलाध्यक्ष ,प्रेम साहू पूर्व मंडल अध्यक्ष, दिनेश सिन्हा जनपद पंचायत बालोद के उपाध्यक्ष, देवलाल सिन्हा तथा ग्राम पंचायत कोन्हगाटोला की सरपंच देवकी ठाकुर और नरेंद्र सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

आयोजन के दौरान अतिथियों ने संयुक्त रूप से माता लक्ष्मी की आराधना कर ग्रामवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में सुंदर आरती प्रस्तुत की, वहीं युवाओं ने दीपमालाओं से पूरे गौठान चौक को सजा दिया। बच्चों ने रंगोली और दीप सज्जा प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का पर्व नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। ग्राम कोन्हगाटोला की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता ने यह साबित कर दिया कि जब समाज एक होकर किसी आयोजन को करता है, तो वह न सिर्फ धार्मिक बल्कि सामाजिक एकता का उदाहरण बन जाता है।ग्रामवासियों ने अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया और मिठाइयों के साथ दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने कोन्हगाटोला गांव को दीपोत्सव की दिव्य आभा से आलोकित कर दिया।

Related Articles

Back to top button