कलम की ताकत और हौसले की उड़ान — विश्व महिला दिवस पर मीनू दीदी का दमदार संदेश

रिपोर्ट:- उत्तम साहु
बालोद:- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में टीवी पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुकी मीडिया कर्मी मीनू दीदी आज किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। जमीनी मुद्दों को बेबाक अंदाज में उठाने वाली मीनू दीदी ने विश्व महिला दिवस के अवसर पर ऐसा संदेश दिया जो सिर्फ महिलाओं के लिए नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया।
विश्व महिला दिवस पर अपने विचार रखते हुए मीनू दीदी ने कहा कि महिलाएं अब केवल घर की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और साहस का परचम लहरा रही हैं। पत्रकारिता जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में भी महिलाएं मजबूती से खड़ी हैं और समाज की आवाज बन रही हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबर दिखाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की सच्चाई को सामने लाने का एक मजबूत हथियार है। इस क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी यह साबित करती है कि यदि अवसर और विश्वास मिले तो महिलाएं किसी भी मुकाम को हासिल कर सकती हैं।
मीनू दीदी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि हाल ही में उन्हें छत्तीसगढ़ शासन की योजना के तहत जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित विशेष मीडिया भ्रमण कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला। इस कार्यक्रम के अंतर्गत पत्रकारों के एक दल को हवाई यात्रा के माध्यम से एक सप्ताह के लिए गुजरात भ्रमण कराया गया।
उन्होंने बताया कि यह यात्रा केवल एक दौरा नहीं बल्कि सीखने और समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर था। गुजरात में विकास के मॉडल, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और सामाजिक पहलों को करीब से देखने का मौका मिला। इस अनुभव ने उनके पत्रकारिता दृष्टिकोण को और व्यापक बनाया।
मीनू दीदी ने कहा कि जब पत्रकार मैदान में उतरता है, तब उसे केवल खबर नहीं बल्कि समाज की धड़कन सुनाई देती है। यही कारण है कि पत्रकार का दायित्व केवल जानकारी देना नहीं बल्कि जनता और शासन के बीच एक मजबूत सेतु बनना भी है।
विश्व महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने महिलाओं को विशेष संदेश देते हुए कहा कि आत्मविश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है। यदि महिलाएं अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें तो कोई भी बाधा उन्हें आगे बढ़ने से रोक नहीं सकती। आज जरूरत है कि महिलाएं अपने अधिकारों, अवसरों और क्षमताओं को पहचानें और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब बेटियां शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से नए आयाम स्थापित कर रही हैं। पत्रकारिता, प्रशासन, शिक्षा, विज्ञान, खेल और राजनीति—हर क्षेत्र में महिलाएं अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।
मीनू दीदी का मानना है कि सशक्त महिला ही सशक्त समाज की नींव है। जब महिलाएं जागरूक होंगी, आत्मनिर्भर होंगी और निर्णय लेने में आगे आएंगी, तब ही समाज में वास्तविक परिवर्तन संभव होगा।
विश्व महिला दिवस पर दिया गया उनका यह संदेश केवल शब्द नहीं बल्कि संघर्ष, अनुभव और आत्मविश्वास से भरी एक प्रेरक आवाज है।
आज बालोद जिले में मीनू दीदी की पहचान केवल एक पत्रकार के रूप में नहीं, बल्कि निडर सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और महिला सशक्तिकरण की मजबूत प्रतीक के रूप में स्थापित हो चुकी है।
उनकी यह यात्रा और विचार आने वाली पीढ़ी की बेटियों को यह विश्वास दिलाते हैं कि हौसले बुलंद हों तो आसमान भी छोटा पड़ जाता है।



